बस स्टेशन पर सार्वजनिक शौचालय की मांग को शासन ने किया निस्तारित, अब निर्माण पर टिकी शहरवासियों की उम्मीद
—– जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज मांग का हुआ निस्तारण, बस स्टेशन क्षेत्र में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की उठी मांग
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद स्थित शहर के बस स्टेशन के आसपास सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग को लेकर जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज आवेदन का निस्तारण कर दिया गया है। हालांकि अब स्थानीय नागरिकों और यात्रियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित विभाग इस मांग को धरातल पर कब तक अमल में लाता है।
जानकारी के अनुसार, सदर तहसील क्षेत्र के निवासी उमेश चंद्र मिश्र ने 13 जून 2026 को जनसुनवाई पोर्टल पर बस स्टेशन महराजगंज के निकट सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग दर्ज कराई थी। आवेदन में बताया गया था कि बस स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन सार्वजनिक शौचालय की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है।
शिकायत पोर्टल पर दर्ज इस आवेदन को संबंधित विभाग द्वारा निस्तारित कर दिया गया है। नागरिकों का कहना है कि केवल कागजी निस्तारण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बस स्टेशन क्षेत्र में शीघ्र सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया जाना आवश्यक है, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को स्वच्छ एवं आवश्यक मूलभूत सुविधा उपलब्ध हो सके। शहरवासियों का मानना है कि सार्वजनिक शौचालय का निर्माण स्वच्छता अभियान को भी मजबूती देगा और बस स्टेशन की व्यवस्था को अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित बनाएगा। अब लोगों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द ही इस मांग पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बस स्टेशन परिसर के आसपास सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।





















