घोंघी नदी में डूबे मकालू यादव का 20 घंटे बाद मिला शव, एसडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन में मिली सफलता
—— दाह संस्कार के बाद स्नान के दौरान हुआ हादसा, सीओ फरेंदा ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा और दिए आवश्यक निर्देश
up times samachar
कोल्हुई,महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के लोटन रोड स्थित घोंघी नदी में रविवार शाम स्नान के दौरान डूबे 55 वर्षीय रामजीत उर्फ मकालू यादव का शव लगभग 20 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार को बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ, कोल्हुई थाना पुलिस और सिद्धार्थनगर जनपद की लोटन कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद पुल से करीब 700 मीटर दूर लोटन कुटी के समीप शव मिला।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बड़गो टोला भुड़कुड़हा निवासी रामजीत उर्फ मकालू यादव पुत्र उदयराज यादव रविवार को अपने पट्टीदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लोटन पुल स्थित घोंघी नदी पहुंचे थे। दाह संस्कार के बाद अन्य लोगों के साथ वह भी नदी में स्नान करने उतरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकालू नदी में छलांग लगाने के बाद दोबारा बाहर नहीं निकल सके, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस और सिद्धार्थनगर जनपद की लोटन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया और देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि अंधेरा होने और नदी में तेज बहाव के कारण रात में तलाश अभियान सफल नहीं हो सका।
सोमवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा सघन खोज अभियान शुरू किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) फरेंदा दीपशिखा वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने अभियान का जायजा लिया तथा पुलिस और एसडीआरएफ टीम को खोज अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
लगातार प्रयास के बाद सोमवार को लोटन कुटी के पास, पुल से लगभग 700 मीटर दूर नदी में मकालू यादव का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। लोटन कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।





















