साथी पोर्टल और सीड बिल 2025 के विरोध में ठूठीबारी बंद, बीज-उर्वरक विक्रेताओं का जोरदार प्रदर्शन
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी/महराजगंज।
उत्तर प्रदेश बीज व्यापारी सेवा समिति (रजि.) के आह्वान पर सोमवार को ठूठीबारी कस्बे में बीज, खाद और कीटनाशक विक्रेताओं ने प्रदेशव्यापी बंद का समर्थन करते हुए अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखीं। ‘साथी पोर्टल’, लाइसेंस नियमों की जटिलताओं और प्रस्तावित सीड बिल 2025 के विरोध में व्यापारियों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से रखा।
जिला उपाध्यक्ष अजय जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि केंद्र सरकार द्वारा लागू की जा रही ‘साथी पोर्टल’ व्यवस्था और नई लाइसेंस प्रणाली छोटे व्यापारियों के लिए भारी परेशानी का कारण बन रही है। इसके साथ ही प्रस्तावित सीड बिल 2025 के कई प्रावधान न केवल व्यापारियों बल्कि किसानों के हितों के भी खिलाफ बताए गए।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मौजूदा नियमों के कारण उन्हें अनावश्यक प्रशासनिक दबाव, बार-बार निरीक्षण और आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से वे किसानों को खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराते आ रहे हैं, लेकिन नई व्यवस्थाओं के चलते उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है और किसानों को भी समय पर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।





















