दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज के मेधावियों का हुआ भव्य सम्मान, जिले में टॉप कर विशंभर विश्वकर्मा ने बढ़ाया मान
Up times samachar
महराजगंज । उप संपादक उमेश चौरसिया
दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज,चौक बाजार महराजगंज में परिषदीय परीक्षा वर्ष 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया तथा शिक्षकों ने उन्हें मिठाई खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ.हरेंद्र यादव ने कहा कि जीवन में सफलता कठोर संघर्ष और निरंतर परिश्रम से ही प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि केवल इच्छाशक्ति या योजना बनाना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि लक्ष्य को पाने के लिए निरंतर मेहनत करना आवश्यक है। इतिहास इस बात का साक्षी है कि जो लोग अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर लगातार मेहनत करते हैं, सफलता अंततः उन्हीं के कदम चूमती है।
इस वर्ष इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के छात्र विशंभर विश्वकर्मा ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। वहीं नम्रता गुप्ता और पायल गुप्ता ने भी जनपद की टॉप-10 सूची में स्थान बनाकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इसी प्रकार हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में आदित्य ने विद्यालय स्तर पर प्रथम,नित्या ने द्वितीय और चंदन ने तृतीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन सभी मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन विनोद कुमार विमल द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे तथा मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की।





















