ठूठीबारी पुलिस ने गुमशुदा युवती को सकुशल बरामद किया, परिजनों में लौटी खुशी
रिर्पोट/विप्लव मद्धेशिया। ठूठीबारी,महराजगंज। जनपद में अपराध नियंत्रण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। थाना क्षेत्र से गुमशुदा हुई एक युवती को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशानुसार जिलेभर में गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश और उनकी सुरक्षित बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल बसंत सिंह के निकट पर्यवेक्षण में थाना ठूठीबारी पुलिस लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही थी।
थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में दिनांक 27 अप्रैल 2026 को गुमशुदगी संख्या 07/26 से संबंधित गुमशुदा युवती नाजिया खातून (पुत्री कुर्बान), निवासी गायत्री मंदिर, थाना ठूठीबारी, जनपद महराजगंज, उम्र लगभग 20 वर्ष, को सकुशल बरामद कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवती के गुमशुदा होने के बाद परिजनों ने थाना ठूठीबारी में सूचना दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर पूछताछ, संभावित स्थानों की तलाश तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि गुमशुदा युवती ठूठीबारी-नौतनवा मार्ग स्थित राजाबारी के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही म0उ0नि0 खुशबू एवं कांस्टेबल मृत्युंजय तिवारी तत्काल मौके पर पहुंचे और युवती को सकुशल बरामद कर लिया।
बरामदगी के बाद युवती को थाना लाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ की गई तथा उसके परिजनों को तत्काल सूचना दी गई। बेटी के सुरक्षित मिलने की खबर सुनते ही परिजन थाना पहुंचे और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। परिवार में खुशी का माहौल देखने को मिला।




















