अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत,12 मई को होनी थी शादी;घर में मातम पसरा
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटहरा टोला,वन ग्राम उसरहवा नर्सरी निवासी एक युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गुरुवार की शाम लखीमा थरुआ गांव के पश्चिम स्थित एक ईंट भट्ठे के पास हुआ। युवक की 12 मई को शादी तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जानकारी के अनुसार अनूप पासवान (पुत्र श्रीराम) अपनी शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के बाद गुरुवार की शाम करीब 6 बजे रामपुर बुजुर्ग स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह लखीमा थरुआ गांव के पश्चिम स्थित ईंट भट्ठे के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अनूप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद बारात निकलने वाली थी, वहां अब मातम का माहौल है। गांव और आसपास के क्षेत्र में भी इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलने पर बागापार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतक अनूप दो भाइयों में छोटा था। हादसे के बाद उसकी मां अनिता देवी, पिता श्रीराम और बड़े भाई राधेश्याम सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।





















