सुल्तानपुर सदर तहसील परिसर में बारिश का कहर, जर्जर छत से टपकता पानी; अभिलेखों पर मंडरा रहा खतरा
बार-बार शिकायत के बावजूद नहीं जागा तहसील प्रशासन, कामकाज प्रभावित होने से लेखपालों में बढ़ी नाराजगी
ब्यूरो रिपोर्ट, मोहम्मद अली | न्यूज़, सुलतानपुर
UP Times Samachar
सुलतानपुर। तहसील परिसर में लेखपालों के बैठने का स्थान इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। जर्जर छत और भवन से बरसात का पानी टपकने के कारण लेखपालों को बारिश के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे बड़ी चिंता सरकारी दस्तावेजों और महत्वपूर्ण अभिलेखों की सुरक्षा को लेकर बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि बारिश होते ही छत से पानी टपकने लगता है और परिसर में जगह-जगह पानी जमा हो जाता है। ऐसे में लेखपालों को अपनी फाइलें, दस्तावेज और अन्य जरूरी अभिलेख सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है। पानी की चपेट में आने से कागजात खराब होने की आशंका बनी रहती है। इससे राजस्व संबंधी महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को नुकसान पहुंच सकता है।
लेखपालों का कहना है कि जर्जर भवन और पानी टपकने की समस्या कोई नई नहीं है। इस संबंध में कई बार तहसील प्रशासन के अधिकारियों, एसडीएम और तहसीलदार को जानकारी दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
लेखपालों के मुताबिक, वे तमाम कठिनाइयों के बीच भी जनता से जुड़े राजस्व कार्यों को समय पर पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन उचित बैठने की व्यवस्था नहीं होने और दस्तावेजों के सुरक्षित न रहने से कामकाज प्रभावित हो रहा है।
लगातार उपेक्षा के चलते लेखपालों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि बारिश के मौसम में कभी भी महत्वपूर्ण सरकारी अभिलेख खराब हो सकते हैं।
अब सवाल यह है कि सरकारी दस्तावेजों की सुरक्षा और कर्मचारियों की परेशानी को देखते हुए तहसील प्रशासन कब जर्जर भवन की मरम्मत कराएगा और लेखपालों को सुरक्षित कार्यस्थल उपलब्ध कराएगा।





















