पांच घंटे में वाराणसी से बरामद हुईं तीन लापता नाबालिग छात्राएं
कादीपुर पुलिस की बड़ी सफलता
मो. अली ब्यूरो चीफ
सुल्तानपुर यूपी टाइम्स समाचार
सुलतानपुर। कादीपुर थाना क्षेत्र से लापता हुईं तीन नाबालिग छात्राओं को कादीपुर पुलिस ने महज पांच घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। 1 सितंबर की शाम डायल-112 पर सूचना मिली थी कि कम्पोजिट विद्यालय पूरे मिश्रान, कादीपुर खुर्द की तीन छात्राएं घर से स्कूल के लिए निकली थीं, लेकिन विद्यालय नहीं पहुंचीं और घर भी वापस नहीं लौटीं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और छात्राओं के फोटो आसपास के जिलों व जीआरपी थानों को भेजे। तलाश के दौरान तीनों छात्राएं वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर मिलीं। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र विक्रम सिंह पुलिस टीम व परिजनों के साथ वाराणसी पहुंचे और छात्राओं को सकुशल कादीपुर लाया गया। पूछताछ में छात्राओं ने बताया कि रक्षाबंधन पर मिले नेग के पैसों से घूमने के लिए वे वाराणसी चली गई थीं। पुलिस ने तीनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।





















