ओएसआर खाते की समीक्षा बैठक में सचिवों और एडीओ की गैरहाजिरी बनी चर्चा का विषय, पंचायत सहायकों ने निभाई जिम्मेदारी
—— नौतनवा विकास खंड में आयोजित बैठक में अधिकांश कुर्सियां रहीं खाली, पंचायत सहायकों की रही शत-प्रतिशत भागीदारी
up times samachar
नौतनवा, महराजगंज। सम्पादकअम्बिका दत्त चौबे
नौतनवा विकास खंड सभागार में ओएसआर (OSR) खाते से संबंधित कार्यों की समीक्षा एवं आवश्यक दिशा-निर्देश देने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में सचिवों एवं एडीओ (सहायक विकास अधिकारी) की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बन गई। बैठक में पंचायत सहायकों की उपस्थिति तो संतोषजनक रही, लेकिन अधिकांश ग्राम पंचायत सचिव एवं संबंधित अधिकारी बैठक से नदारद रहे, जिससे सभागार में कई कुर्सियां खाली दिखाई दीं। बताया जाता है कि बैठक का उद्देश्य ओएसआर खाते के संचालन, अभिलेखों के रखरखाव तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को गति देना था। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति से बैठक की गंभीरता पर सवाल उठने लगे। उपस्थित पंचायत सहायकों ने बैठक में भाग लेकर आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं तथा शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्यों को आगे बढ़ाने का भरोसा जताया।
बैठक के दौरान मौजूद लोगों के बीच सचिवों एवं एडीओ की अनुपस्थिति चर्चा का प्रमुख विषय रही। लोगों का कहना था कि शासन की महत्वपूर्ण बैठकों में संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए और पंचायत स्तर पर कार्यों की नियमित समीक्षा हो सके।
स्थानीय लोगों ने मांग की कि भविष्य में इस प्रकार की बैठकों में सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए, जिससे सरकारी योजनाओं के प्रभावी संचालन और जवाबदेही की व्यवस्था मजबूत हो सके।





















