श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर एसपी ने किया सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण
बलवन्त पाण्डेय ब्यूरो चीफ
सुल्तानपुर यूपी टाइम्स समाचार
सुलतानपुर। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सोमवार को कूरेभार कस्बे, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और थाना हलियापुर क्षेत्र में कूरेभार मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संभावित कांवड़ यात्रा मार्गों, संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और थानाध्यक्ष कूरेभार उपेंद्र सिंह को श्रावण मास के दौरान महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और सतर्क चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
एसपी ने कांवड़ यात्रा के दौरान प्रभावी यातायात प्रबंधन और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे और अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक समन्वय पर जोर दिया।
उन्होंने श्रद्धालुओं और जनपदवासियों से यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर देने की अपील की।




















