कोबरा के डंसने से 10 वर्षीय मासूम की मौत, इलाज के दौरान रास्ते में तोड़ा दम
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी/महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बोदना में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में जहरीले कोबरा सांप के डंसने से 10 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बोदना निवासी सपना (10 वर्ष) पुत्री जयप्रकाश गौड़ को घर के अंदर छिपे एक जहरीले कोबरा सांप ने काट लिया। जैसे ही परिजनों को इसकी जानकारी हुई, वे तत्काल बालिका को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया।
परिजन गंभीर अवस्था में सपना को जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।
घटना की सूचना पर ठूठीबारी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। वहीं हल्का लेखपाल प्रवीण पासवान भी मौके पर पहुंचे और घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई।
इधर, ग्रामीणों की सूचना पर साहनी रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद घर में छिपे जहरीले कोबरा सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, हालांकि घटना के बाद गांव में लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
बालिका की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।





















