बस स्टेशन पर सार्वजनिक शौचालय न होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी से लगाई गुहार
UP times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जिला मुख्यालय स्थित रोडवेज बस स्टेशन परिसर में सार्वजनिक सुलभ शौचालय के अभाव से यात्रियों और आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर जनसमस्या को लेकर तहसीलदार सदर एवं ग्राम बागापार निवासी उमेश चंद्र मिश्र ने जिलाधिकारी महराजगंज को ज्ञापन सौंपकर बस स्टेशन परिसर अथवा उसके समीप सार्वजनिक सुलभ शौचालय के शीघ्र निर्माण की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि पुराने रोडवेज बस स्टेशन परिसर में पहले सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध थी, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलती थी। लेकिन नए बस स्टेशन के निर्माण के दौरान पुराने शौचालय को ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद आज तक नया सार्वजनिक शौचालय नहीं बन सका, जिससे प्रतिदिन हजारों यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं अन्य लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
प्रार्थी ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा आईजीआरएस पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के निस्तारण के दौरान नगर पालिका परिषद महराजगंज के अधिशासी अधिकारी द्वारा रोडवेज अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर सार्वजनिक शौचालय निर्माण कराने की बात कही गई थी।
वहीं, आईजीआरएस पर रोडवेज विभाग की ओर से दिए गए उत्तर में बस स्टेशन परिसर में भूमि की कमी का हवाला देते हुए बस स्टेशन के सामने सड़क के पूर्वी हिस्से में नलकूप के समीप सार्वजनिक शौचालय निर्माण का सुझाव दिया गया है।
प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित एवं यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रस्तावित स्थान पर सार्वजनिक सुलभ शौचालय निर्माण के लिए आवश्यक स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का स्थायी समाधान हो सके।





















