तकनीक बनी जनता की मुस्कान, महराजगंज पुलिस ने लौटाए 110 खोए मोबाइल
—– चार माह में 417 मोबाइल बरामद कर बनाया रिकॉर्ड, ₹1.25 करोड़ की संपत्ति वास्तविक मालिकों को सौंपी
up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
तकनीक आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में महराजगंज पुलिस ने एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में सर्विलांस सेल ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से 110 खोए हुए स्मार्टफोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोनों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 35 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि पिछले चार महीनों में कुल 417 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 25 लाख रुपये है, खोजकर उनके असली मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं। यह उपलब्धि महराजगंज पुलिस की तकनीकी दक्षता, सक्रियता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
सर्विलांस सेल ने IMEI आधारित ट्रैकिंग, CEIR पोर्टल, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न कंपनियों के गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए। प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने यह सफलता हासिल की।
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल स्वामियों को आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद उनके मोबाइल फोन सुपुर्द किए गए। महीनों से खोए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। सभी ने महराजगंज पुलिस और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि जनता की छोटी से छोटी समस्या का त्वरित समाधान करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग से नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराएं तथा निकटतम थाना या सर्विलांस सेल में शिकायत दर्ज कराएं, जिससे शीघ्र कार्रवाई की जा सके।
बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सर्विलांस टीम में कांस्टेबल ग्रेड-बी शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी मोहम्मद कुतुबुद्दीन, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, मुख्य आरक्षी आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, आरक्षी सूरज गुप्ता एवं आरक्षी नीरज कुमार गोंड शामिल रहे।





















