प्रथम प्रयास में नीट यूजी में शानदार सफलता: झनझनपुर के शिवम् मद्धेशिया और खोनौहली की अनुष्का पटेल का हुआ भव्य सम्मान
—— वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र पटेल ने मेधावी विद्यार्थियों को माल्यार्पण, चुनरी ओढ़ाकर व मिठाई खिलाकर बढ़ाया उत्साह, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
UP times samachar महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे /उप सम्पादक उमेश चौरसिया
जनपद महराजगंज के होनहार विद्यार्थियों ने नीट यूजी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रथम प्रयास में सफलता प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र पटेल ने उन्हें सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
झनझनपुर स्थित चाय व्यवसायी दिनेश मद्धेशिया के पुत्र शिवम् मद्धेशिया ने अपने प्रथम प्रयास में नीट यूजी 2026 की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 15661 प्राप्त करते हुए 720 में 585 अंक हासिल किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र पटेल ने शिवम् एवं उनके पिता को फूलमाला पहनाकर, चुनरी ओढ़ाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिवम् की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और कठिन परिश्रम,अनुशासन तथा दृढ़ संकल्प से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
इसी क्रम में सिसवा विधान सभा निचलौल क्षेत्र के ग्राम खोनौहली,पोस्ट-बाली निवासी अनुष्का पटेल ने भी अपने प्रथम प्रयास में नीट यूजी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक 53,949 तथा 531 अंक अर्जित कर एमबीबीएस प्रवेश की राह प्रशस्त की है। अनुष्का पटेल, उपेन्द्र पटेल एवं श्रीमती चन्द्रप्रभा पटेल की पुत्री तथा रामनिवास पटेल की पौत्री हैं। उन्होंने यूपी बोर्ड से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद प्रथम प्रयास में ही यह उल्लेखनीय सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र पटेल ने दोनों मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि जनपद के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है तथा ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को हरसंभव प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
इस अवसर पर प्रदीप पटेल,अनिल यादव, प्रमोद वर्मा, अनुज मद्धेशिया, धनेश कन्नौजिया, संदीप मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने मेधावी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल चिकित्सकीय जीवन की कामना की।





















