*भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी का बड़ा खुलासा, 5 किलो अफीम बरामद*
*एसएसबी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, लाखों रुपये की प्रतिबंधित अफीम जब्त; सीसीटीवी के आधार पर तस्करों की तलाश तेज*
रिर्पोट/विप्लव मद्धेशिया ठूठीबारी,महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने सीमावर्ती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए करीब पांच किलोग्राम प्रतिबंधित अफीम बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। तलाशी के दौरान लावारिस अवस्था में रखी गई अफीम बरामद हुई। तस्कर सुरक्षा बलों की भनक लगते ही मौके से फरार होने में सफल रहे।
बरामद अफीम को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। फुटेज के आधार पर अवैध कारोबार से जुड़े तस्करों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि भारत-नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर नशे के कारोबार से जुड़े गिरोह लगातार तस्करी की कोशिश करते हैं। इसे देखते हुए सीमा क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है। एसएसबी, स्थानीय पुलिस तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कर रही हैं।





















