मोबाइल दुकान में चोरी का 48 घंटे में खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार
—— चोरी के चार मोबाइल, चार मदरबोर्ड और वारदात में प्रयुक्त दो बाइक बरामद, घुघली पुलिस की त्वरित कार्रवाई
up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/उप सम्पादक उमेश चौरसिया
घुघली थाना क्षेत्र के बसंतपुर बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार मोबाइल मदरबोर्ड तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सूरज कुमार के नेतृत्व में गठित घुघली पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को बसंतपुर बाजार स्थित ए टू ज़ेड मोबाइल दुकान से अज्ञात चोरों ने चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और चार मोबाइल मदरबोर्ड चोरी कर लिए थे। इस संबंध में थाना घुघली पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम को घटना के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था।
लगातार की जा रही जांच, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 जुलाई को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि होने के बाद उनके कब्जे से चोरी का पूरा सामान तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय वर्मा (निवासी सिद्धार्थनगर, वर्तमान पता सिसवा बाजार), रेजानूर अली (मूल निवासी मुर्शीदाबाद, पश्चिम बंगाल, वर्तमान पता सिसवा बाजार) तथा विवेक वर्मा (निवासी सिसवा बाजार, महराजगंज) के रूप में हुई है।
बरामदगी में चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन (ऑनर, रियलमी, सैमसंग एवं इंफोकस), चार मोबाइल मदरबोर्ड, टीवीएस रेडर (UP55AX2537) तथा हीरो एचएफ डीलक्स (UP56BB5591) मोटरसाइकिल शामिल हैं।
पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अन्य संबंधित धाराएं भी बढ़ाई हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इस सफल कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राकेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक शाहिद शिद्दीकी, मुख्य आरक्षी बाबूराम यादव, आरक्षी जैसपर बिन्द्रो, उज्ज्वल दीक्षित, प्रमोद यादव तथा सोनू कनौजिया की सराहनीय भूमिका रही।





















