टीबी के खिलाफ गूंजे जागरूकता के स्वर, दिग्विजयनाथ इंटर कॉलेज से निकली जनजागरण रैली
—– टीबी मुक्त भारत अभियान को लेकर छात्र-छात्राओं ने निकाली रैली,पोस्टर-बैनर और नारों से गूंजा चौक बाजार
UP times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
नगर पंचायत चौक बाजार स्थित दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज में शुक्रवार को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एनसीसी,राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और भारत स्काउट एवं गाइड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरिन्द्र यादव ने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान केवल सरकारी पहल नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से चलने वाला जनआंदोलन है। टीबी जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए समय पर जांच, नियमित उपचार, पोषण और जनजागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने आसपास के लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच और उपचार के प्रति जागरूक करें।
प्रधानाचार्य ने कहा कि अभियान का उद्देश्य देश में टीबी के संक्रमण और इससे होने वाली मृत्यु दर को तेजी से कम करना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से टीबी उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इसके बाद विद्यालय परिसर से टीबी मुक्त भारत जनजागरूकता रैली निकाली गई। प्रधानाचार्य डॉ. हरिन्द्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों, भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों के साथ छात्र-छात्राएं हाथों में पोस्टर, बैनर और तख्तियां लेकर लोगों को टीबी के प्रति जागरूक करते हुए आगे बढ़े।
रैली विद्यालय परिसर से निकलकर चौक मंदिर, ठेकी चौराहा और चौक छावनी होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा लगाए जा रहे जागरूकता नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। रैली के माध्यम से लोगों को टीबी की समय पर पहचान, जांच और उपचार के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन बिनोद कुमार विमल ने किया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट शेषनाथ, लेफ्टिनेंट तुलसी प्रसाद, रामसुखी यादव, बलवीर सिंह, डॉ. पंकज कुमार गुप्त सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, स्काउट-गाइड और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।





















