जर्जर सड़क से बेहाल श्रद्धालु,95 फीसदी तक क्षतिग्रस्त मार्ग के चौड़ीकरण की उठी मांग
—- विशुनपुरवा से बौद्धकालीन प्राचीन शिव मंदिर कटहरा तक जाने वाली सड़क बदहाल,गड्ढों में तब्दील मार्ग पर आए दिन हो रहे हादसे
UP times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
बागापार से रामपुर महराजगंज मार्ग स्थित विशुनपुरवा गांव से बौद्धकालीन प्राचीन शिव मंदिर कटहरा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहा है। करीब 20 वर्ष पूर्व बनाए गए इस मार्ग की समुचित मरम्मत और रखरखाव नहीं होने से सड़क की हालत बेहद खराब हो गई है। मार्ग लगभग 95 प्रतिशत तक क्षतिग्रस्त हो चुका है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बने हुए हैं।
सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर उमेश चंद मिश्र ने जिलाधिकारी को पत्र देकर मार्ग के गड्ढों को तत्काल भरवाने के साथ ही सड़क के चौड़ीकरण, उच्चीकरण एवं मरम्मत की मांग की है। उन्होंने अपने प्रार्थना पत्र में बताया है कि यह मार्ग बौद्धकालीन प्राचीन शिव मंदिर कटहरा तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है। इसके बावजूद लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं कराए जाने से राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गड्ढों के कारण आए दिन गिर रहे राहगीर
प्रार्थना पत्र के अनुसार सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण प्रतिदिन राहगीर, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। सड़क पर जलभराव और गड्ढों के कारण आवागमन करना जोखिम भरा हो गया है। प्रत्येक सोमवार को कटहरा शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को भी इस बदहाल मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है।
किस विभाग की सड़क, इसे लेकर भी असमंजस
शिकायतकर्ता ने बताया कि उक्त सड़क किस विभाग के अधीन है, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं होने के कारण मरम्मत कार्य को लेकर भी स्थिति बनी हुई है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि पीडब्ल्यूडी,आरईएस तथा जिला पंचायत समेत संबंधित विभागों की ओर से सड़क की मरम्मत कराने से मना किया गया है। ऐसे में सड़क की जिम्मेदारी को लेकर विभागीय स्तर पर स्पष्टता जरूरी है,ताकि जनता की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
जनहित में तत्काल कार्रवाई की मांग समाज सेवी बागापार निवासी
उमेश चंद मिश्र ने जिलाधिकारी से जनहित को देखते हुए मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पहले सड़क के गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए और इसके बाद मार्ग का चौड़ीकरण, उच्चीकरण एवं समुचित मरम्मत कराई जाए, ताकि ग्रामीणों के साथ-साथ मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देगा।





















