14 वर्षीय बालिका की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में सनसनी, पुलिस ने शुरू की गहन जांच
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय बालिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार सूचना प्राप्त होने पर क्षेत्राधिकारी सदर, थाना भिटौली पुलिस तथा फील्ड यूनिट की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम द्वारा घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एवं अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का संकलन किया गया।
मृत बालिका के शव को पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज सिद्धार्थ ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण कराया जाएगा तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने कहा है कि मामले में किसी भी तथ्य को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और जांच पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे प्रकरण की तह तक पहुंचने के लिए जुटी हुई है।




















