11 साल पुराने अपहरण व दुष्कर्म मामले का वारंटी गिरफ्तार, ठूठीबारी पुलिस की कार्रवाई
रिपोर्ट/विप्लव मद्धेशिया। ठूठीबारी/महराजगंज। महराजगंज पुलिस द्वारा वांछित अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना ठूठीबारी पुलिस ने वर्ष 2015 के अपहरण, दुष्कर्म और धमकी से जुड़े मामले में फरार चल रहे एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल के निकट पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
रविवार 14 जून 2026 को वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय और कांस्टेबल बलवंत यादव क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच तथा वारंटियों की तलाश में लगे हुए थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गौतम नगर चौराहा, ठूठीबारी से वारंटी गोलू गौतम (28 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामअवध, निवासी ठूठीबारी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 924/2015 में भारतीय दंड संहिता की धारा 363 (अपहरण), 366, 376 (दुष्कर्म), 504 और 506 के तहत मामला दर्ज है। न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की और न्यायालय महराजगंज के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए रवाना कर दिया।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में
वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय,
कांस्टेबल बलवंत यादव आदि लोग शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अपराधियों, वारंटियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।




















