खुली बैठक में ग्रामीणों ने उठाई समस्याएं, खेल मैदान व चारागाह से अतिक्रमण हटाने की मांग
बलवन्त पाण्डेय ब्यूरो चीफ
सुल्तानपुर यूपी टाइम्स समाचार
सुलतानपुर। ब्लॉक कूरेभार अंतर्गत ग्राम सभा शिवनगर के प्राथमिक विद्यालय परिसर में खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान कुसुम देवी व सफाई कर्मी मनोहर प्रजापति सहित ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
बैठक में ग्राम सभा के युवाओं ने गांव में स्थित खेलकूद मैदान एवं चारागाह की भूमि पर हुए अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। युवाओं ने मांग की कि तत्काल अतिक्रमण हटवाकर मैदान को खाली कराया जाए, जिससे बच्चों को खेलने तथा बुजुर्गों को टहलने में सुविधा मिल सके।
इस पर पंचायत सचिव ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लेखपाल स्तर से होगी। युवाओं ने लेखपाल प्रभात मिश्रा से भी संपर्क किया, जिस पर उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव द्वारा प्रक्रिया शुरू कराने के बाद कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार अधिकारियों ने एक सप्ताह के अंदर खेल मैदान एवं चारागाह को अतिक्रमण मुक्त कराने का आश्वासन दिया है।
ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय शिवनगर तक जाने के लिए रास्ता न होने और श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग की समस्या भी उठाई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित से जुड़ी इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाए।
इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि धर्मेंद्र बहादुर, अनिरुद्ध यादव, प्रमोद कुमार तिवारी,राम नेवल कोटेदार, महादेव पाल, मेड़ई, अमर बहादुर, विमल तिवारी, अखिलेश कुमार यादव सहित कई दर्जन ग्रामीण मौजूद रहे।




















