बाल विवाह के खिलाफ मिशन शक्ति का अभियान तेज, किशोर-किशोरियों को दिलाई गई जागरूकता की शपथ
Up times samachar
महराजगंज । संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया
मिशन शक्ति अभियान 5.0 के द्वितीय चरण तथा अक्षय तृतीया के मद्देनज़र बाल विवाह रोकथाम को लेकर जनपद में जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी महराजगंज के निर्देशन में हब फॉर इंपावरमेंट ऑफ वुमेन की जेंडर स्पेशलिस्ट संजा देवी द्वारा ग्राम पंचायत सोहगौरा में किशोर-किशोरियों के साथ जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजित सोमवार को किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकार,सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना था। इस दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट संजा देवी ने बाल विवाह से जुड़ी सामाजिक कुरीतियों, महिला उत्पीड़न तथा इसके दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है और इसमें शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
कार्यक्रम में
किशोर-किशोरियों और ग्रामीणों को बाल विवाह निषेध से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही पम्पलेट और पोस्टर के माध्यम से महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। इस अवसर पर समाज में बालिकाओं के प्रति होने वाले लैंगिक भेदभाव पर भी चर्चा की गई तथा उपस्थित लोगों को महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई गई। उन्होंने संकल्प लिया कि यदि उनके आसपास कहीं भी बाल विवाह की घटना होती है तो वे तुरंत पंचायत या संबंधित विभाग को इसकी सूचना देंगे।कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा बड़ी संख्या में किशोर-किशोरियों की उपस्थिति रही।





















