विधान परिषद की प्रश्न एवं संदर्भ समिति की बैठक को लेकर महराजगंज में तैयारियां तेज,डीएम ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
Up times samachar
महराजगंज। संपादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप संपादक उमेश चौरसिया
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की प्रश्न एवं संदर्भ समिति की प्रस्तावित बैठक को लेकर जनपद महराजगंज में सोमवार को प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। समिति के सभापति ध्रुव कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में 21 अप्रैल 2026 को जनपद गोरखपुर में गोरखपुर,महराजगंज एवं देवरिया जनपद के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
इस बैठक में समिति द्वारा विभिन्न बिंदुओं एवं पत्रावलियों के संबंध में जिला स्तरीय विभागीय अधिकारियों से विस्तृत विचार-विमर्श करते हुए अद्यतन जानकारी प्राप्त की जाएगी।
उक्त बैठक की तैयारी के क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधान परिषद की प्रश्न एवं संदर्भ समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले सभी विषयों से संबंधित अद्यतन एवं तथ्यपरक जानकारी तैयार रखें तथा निर्धारित एजेंडा के अनुसार बैठक में उपस्थित होकर प्रभावी ढंग से प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण कर लें, ताकि बैठक के दौरान जनपद से संबंधित विषयों पर सटीक जानकारी प्रस्तुत की जा सके। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और समिति के समक्ष रखे जाने वाले बिंदुओं पर अपनी-अपनी विभागीय तैयारियों की जानकारी दी।





















