नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, प्रतियोगिताओं में उभरी सशक्त नारी की सोच
Up times samachar
महराजगंज। उप संपादक उमेश चौरसिया
दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज,चौक बाजार महराजगंज में सोमवार को उत्तर प्रदेश शासन तथा जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के निर्देशानुसार नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न शैक्षिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में नारी सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा और विचारों को मंच प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत “विकसित भारत-2047 में नारी की भूमिका” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता, “सशक्त नारी, समृद्ध भारत” विषय पर निबंध प्रतियोगिता, स्वरचित कविता लेखन तथा पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिक्षा, समानता और समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने नारी सशक्तिकरण के संदेश को प्रभावी रूप से अभिव्यक्त किया।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में रिया मिश्रा ने प्रथम, खुशबू गुप्ता ने द्वितीय तथा अलीशा खातून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में चांदनी ने प्रथम, प्रीति ने द्वितीय तथा ममता ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं स्वरचित कविता लेखन प्रतियोगिता में सिमरन चौहान प्रथम, अनीता द्वितीय तथा महिमा तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिताओं के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हरिन्द्र यादव ने विजेता छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को विकसित करती हैं तथा समाज में महिलाओं की सशक्त भूमिका को समझने की प्रेरणा देती हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




















