बहिरी माता मंदिर में 111 कन्याओं का भव्य पूजन, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हुआ परिसर
सेवा भारती के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ हवन-पूजन, महिला स्वावलंबन का भी दिया संदेश
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज अम्बिका दत्त चौबे
निचलौल/महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे ग्राम सभा मटरा-टोला धमऊर स्थित प्रसिद्ध बहिरी माता मंदिर परिसर में रविवार को शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर 111 कन्याओं का भव्य पूजन किया गया। सेवा भारती महाराजगंज के तत्वावधान में माँ लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की ओर से आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल और माता रानी के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सिद्धार्थनगर विभाग के विभाग सेवा प्रमुख खूब लाल वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवा भारती महाराजगंज के पूर्णकालिक संदीप सिंह तथा सामाजिक आयाम प्रमुख रामा यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मातृ मंडली महराजगंज की जिला अध्यक्ष किरण तिवारी ने की।

मुख्य पुरोहित शैलेश तिवारी के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ। इसके बाद स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने 111 कन्याओं के पैर रंगकर, तिलक लगाकर और माता रानी की पट्टी पहनाकर उनका पूजन किया। भोजन मंत्र के उच्चारण के बाद कन्याओं को श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण कराया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन सनातन संस्कृति को मजबूत करने के साथ ही समाज में एकता और समरसता का संदेश देते हैं। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की सहभागिता महिला स्वावलंबन और सामूहिक सहयोग की प्रेरक मिसाल है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और स्थानीय ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।





















