*ब्रह्मभोज में मछली परोसने को लेकर भिड़े दो सगे भाई, मारपीट में चार घायल; चार हिरासत में*
*पिता के निधन के बाद बरखी कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद, ठूठीबारी पुलिस ने संभाला मोर्चा*
ठूठीबारी (महराजगंज)। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा राजाबारी में पिता के ब्रह्मभोज और बरखी कार्यक्रम के दौरान भोजन को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मछली खाने और परोसने को लेकर दो सगे भाइयों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और हाथापाई में चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेकर दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजाबारी निवासी अशोक गोसाईं और दिलीप गोसाईं के पिता का कुछ दिन पूर्व निधन हो गया था। सोमवार को उनका ब्रह्मभोज संपन्न हुआ था, जबकि मंगलवार को बरखी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान भोजन में मछली खाने को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। लाठी-डंडों और हाथापाई में दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हो गए। घटना के दौरान कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही ठूठीबारी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया और पूछताछ शुरू की। पुलिस ने एहतियात के तौर पर दोनों पक्षों के चार लोगों को हिरासत में ले लिया है। वहीं घायलों का प्राथमिक उपचार भी कराया गया।
कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है।





















