अवैध खनन पर सिंदुरिया पुलिस का शिकंजा, मिट्टी लदे ट्रैक्टर-लोडर को किया सीज
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंदुरिया पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी के अवैध खनन में संलिप्त एक ट्रैक्टर-लोडर वाहन को सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम परसामीर में बिना अनुमति के मिट्टी का खनन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने खनन कार्य में लगे न्यू हॉलैण्ड ट्रैक्टर (संख्या UP56AQ1924) एवं लोडर की जांच की। वाहन चालक से खनन संबंधी अनुमति पत्र तथा वाहन के आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने ट्रैक्टर-लोडर को कब्जे में लेकर मोटर वाहन अधिनियम की धारा-207 के तहत सीज कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की रिपोर्ट खनन विभाग को भेज दी गई है, ताकि संबंधित आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्राकृतिक संसाधनों के दोहन और शासन के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





















