डीआईजी की सख्ती: अपराधियों पर शिकंजा, मुहर्रम सुरक्षा पर विशेष फोकस
Up times samachar
महराजगंज । सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं पुलिस कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए।
पुलिस लाइन पहुंचने पर डीआईजी का स्वागत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में डीआईजी ने महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, अपहरण, हत्या, लूट, वाहन चोरी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन, भूमि विवाद, गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट के तहत की जा रही कार्रवाई सहित विभिन्न अपराधों की समीक्षा की। उन्होंने ई-साक्ष्य और यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए महत्वपूर्ण मुकदमों में मजबूत पैरवी कर दोषसिद्धि की दर बढ़ाने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने आईजीआरएस में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने तथा सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की स्थिति में सुधार के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जुलूस मार्गों, कर्बला स्थलों और ताजियों की ऊंचाई का पूर्व निरीक्षण करने, पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने तथा त्योहार रजिस्टर का परीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अवैध खनन, गोकशी और नाबालिग वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों का नियमित सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच तथा आवश्यकतानुसार नए कैमरे स्थापित कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता बरतने, सोशल मीडिया पर निरंतर निगरानी रखने तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, बैंकों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर भी बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियानों, अपराध एवं तस्करी नियंत्रण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी डीआईजी के समक्ष प्रस्तुत की।
गोष्ठी के अंत में आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर सभी थाना परिसरों एवं पुलिस कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासित, संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनहितकारी पुलिसिंग को प्राथमिकता देने का संदेश दिया।





















