पीडीए जनपंचायत में सपा ने दिखाई ताकत, चुनावी तैयारी का फूंका बिगुल
— महंगाई-बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार पर बरसे सपाई, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/उमेश चौरसिया
मिठौरा विकासखंड क्षेत्र के मधुबनी गांव में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित पीडीए जनपंचायत में पार्टी नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा। जनपंचायत में महंगाई, बेरोजगारी और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने और पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जनपंचायत के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री रामदुलारे यादव ने सपा सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियां समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने पर केंद्रित रही हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कार्यकर्ताओं को अभी से संगठन को मजबूत करने में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी एकजुटता और सक्रियता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिसवा विधानसभा क्षेत्र से सपा के भावी उम्मीदवार गौरीशंकर गुप्ता उर्फ फौजी भैया ने की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी राजनीतिक दल की रीढ़ होते हैं। ऐसे में सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और जनहित से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।
जनपंचायत में बिरहा गायक सुनीता यादव और राजाराम भारती ने गीतों के माध्यम से समाजवादी पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को प्रस्तुत किया। गीत-संगीत के बीच कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया और कार्यक्रम में चुनावी माहौल बना रहा।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, सतीश यादव, जितेंद्र यादव, महातम यादव, आमिर हुसैन, विजय जायसवाल, तसौव्वर अली, मिठौरा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामनिवास यादव, राम गोपाल यादव और बाबू शाही समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम का संचालन सपा नेता विनोद यादव ने किया। इस मौके पर बोनी शेख, गोविंद यादव, श्यामसुंदर गुप्ता, विड्डू यादव, ऋषिकेश यादव, राकेश कुशवाहा, विजय कुमार कश्यप, सुरेंद्र, अर्जुन यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।





















