टीनशेड में धूंईहर से लगी आग,दो गाय व बछड़े की मौत
—– चार ट्रॉली भूसा और घरेलू सामान जलकर राख, दो से तीन लाख रुपये की क्षति का अनुमान
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/ उमेश चौरसिया
मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के अरनहवा गांव में रविवार की देर शाम टीनशेड में अचानक आग लगने से दो गाय और एक बछड़े की मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि टीनशेड में रखा घरेलू सामान, कपड़े, दो चौकी और करीब चार ट्रॉली भूसा समेत अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। राजस्व विभाग के प्रारंभिक आकलन में करीब दो से तीन लाख रुपये की क्षति होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, अरनहवा गांव निवासी सागर उर्फ बागड़ शर्मा पुत्र जीवधन शर्मा के टीनशेड में रविवार शाम करीब 8:30 बजे अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। टीनशेड में बंधी दो गाय और एक बछड़ा आग की चपेट में आ गए, जिससे तीनों मवेशियों की मौत हो गई।
आग की चपेट में आने से टीनशेड में रखा चार ट्रॉली भूसा, दो चौकी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
ग्राम प्रधान मनोज चौरसिया ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आसपास के हिस्से में आग फैलने से रोका।
घटना की सूचना पर बागापार चौकी प्रभारी नागेंद्र मणि त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं राजस्व विभाग की ओर से हल्का लेखपाल शिल्पी केसरी और राजस्व निरीक्षक ने मौके पर पहुंचकर आग से हुई क्षति का जायजा लिया।
मौके पर क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश मद्धेशिया समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। हल्का लेखपाल शिल्पी केसरी ने बताया कि प्राथमिक आकलन के अनुसार अग्निकांड में करीब दो से तीन लाख रुपये की क्षति होने का अनुमान है।





















