श्मशान घाट में बदहाली का डेरा, खराब हैंडपंप से अंतिम संस्कार में परेशानी
— इंडिया मार्का पंप खराब, नरकट और झाड़ियों ने घेरा परिसर; सैकड़ों गांवों के लोग होते हैं अंतिम संस्कार के लिए निर्भर
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/ उमेश चौरसिया
मिठौरा ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत दरहटा में चौक-महराजगंज मुख्य मार्ग स्थित श्मशान घाट इन दिनों बदहाली का शिकार है। यहां ग्राम सभा की ओर से लगाया गया इंडिया मार्का हैंडपंप काफी दिनों से खराब पड़ा है। वहीं, श्मशान परिसर में नरकट और घनी झाड़ियों का साम्राज्य फैल गया है। ऐसे में अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है।
दरहटा स्थित इस बैकुंठ धाम पर आसपास के सैकड़ों गांवों से लोग शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए पहुंचते हैं। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया में स्नान व अन्य क्रियाकर्म के लिए पानी की आवश्यकता होती है, लेकिन हैंडपंप खराब होने से लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। खासकर दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
बताया जाता है कि दरहटा, कसमरिया, लालपुर, परसा राजा, खजुरिया, नदुआ बाजार, अरनहवा, बैजनाथपुर, अशोकवा, नंदाभार, चैनपुर, लठियहवा, पकड़ियार खुर्द, बसंतपुर राजा, बरवा राजा, समेत आसपास के सैकड़ों गांवों के लोग इस श्मशान घाट का उपयोग करते हैं। ऐसे में यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव लोगों के लिए गंभीर समस्या बन गया है।
झाड़ियों ने बढ़ाई मुश्किल
हैंडपंप की खराबी के साथ ही श्मशान परिसर में जगह-जगह नरकट और झाड़ियां उग आई हैं। इससे परिसर में जहरीले जीव जंतुओं,सांप को काटने की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि अंतिम संस्कार जैसे पवित्र स्थल पर संवेदनशील कार्य के लिए आने वाले स्थान पर साफ-सफाई और पेयजल की समुचित व्यवस्था होना जरूरी है, लेकिन लंबे समय से सफाई नहीं होने से स्थिति खराब होती जा रही है।
ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से श्मशान घाट की तत्काल सफाई कराने, नरकट और झाड़ियों की कटाई कराने तथा खराब हैंडपंप को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।
शीघ्र ठीक कराया जाएगा हैंडपंप
इस संबंध में ग्राम पंचायत दरहटा के प्रशासक से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि हैंडपंप खराब है। उसे शीघ्र ठीक करा दिया जाएगा। साथ ही ग्रामीणों को उम्मीद है कि श्मशान परिसर की साफ-सफाई की व्यवस्था भी जल्द कराई जाएगी।





















