नेपाल की बाढ़ में फंसे लोगों तक मदद पहुंचाने उतरेगा विश्व हिंदू महासंघ
——- अंतरराष्ट्रीय अध्यक्षा अस्मिता भंडारी शनिवार को केंद्रीय टीम के साथ करेंगी प्रभावित इलाकों का दौरा, राहत अभियान तेज
UP times samachar
सोनौली, महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
नेपाल में लगातार आई बाढ़ से उत्पन्न गंभीर हालात के बीच विश्व हिंदू महासंघ ने राहत एवं सेवा अभियान तेज कर दिया है। बाढ़ प्रभावित परिवारों तक अधिक से अधिक सहायता पहुंचाने के लिए महासंघ की अंतरराष्ट्रीय इकाई ने जनसहयोग जुटाने की पहल शुरू की है। इसी क्रम में महासंघ की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती अस्मिता भंडारी शनिवार को काठमांडू स्थित केंद्रीय कार्यालय से अपनी टीम के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगी और मौके पर पहुंचकर पीड़ितों की स्थिति का जायजा लेंगी।
महासंघ की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्षा अस्मिता भंडारी ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ जनसहयोग भी जुटाया जा रहा है। उनका कहना है कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए महासंघ की केंद्रीय टीम लगातार सक्रिय है।
राहत अभियान को गति देने के लिए महासंघ के केंद्रीय पदाधिकारी सामाजिक संगठनों, उद्योगपतियों और अन्य सहयोगी वर्गों से संपर्क कर आर्थिक एवं आवश्यक सामग्री के रूप में सहयोग जुटा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नेपाल के प्रधानमंत्री राहत कोष में एक करोड़ नौ लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। यह सहयोग विश्व हिंदू महासंघ की प्रमुख सहयोगी सदस्य एवं नेपाल के पूर्व राजा ज्ञानेंद्र शाह की करीबी रिश्तेदार श्रीमती राजलक्ष्मी राणा द्वारा दिया गया है। इसके अलावा महासंघ के केंद्रीय सदस्य राजकुमार गजुरेल, उत्तमराज भण्डारी, उपमा आचार्य सहित अन्य सदस्यों ने भी आर्थिक सहयोग किया है।
टूटे पुल बने राहत पहुंचाने में बड़ी बाधा
हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं विश्व हिंदू महासंघ के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य नरसिंह पाण्डेय ने शुक्रवार देर शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में कई स्थानों पर पुल टूट जाने के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि अभी तक प्रभावित परिवारों तक मुख्य रूप से सरकार की सुरक्षा एजेंसियां ही पहुंच पा रही हैं। उन्होंने बताया कि सामाजिक संगठनों और आम लोगों के लिए प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचना चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद नेपाल सरकार अपने स्तर से राहत एवं बचाव कार्यों को आगे बढ़ाते हुए पीड़ितों तक हर संभव सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रही है।
विश्व हिंदू महासंघ ने भी संकट की इस घड़ी में लोगों से आगे आकर सहयोग करने की अपील की है। महासंघ का कहना है कि सामूहिक प्रयासों से बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री और आवश्यक सहायता जल्द से जल्द पहुंचाई जा सकती है।





















