अमेठी में नर्सिंग छात्रा की संदिग्ध मौत! हॉस्टल के कमरे में मिला 22 वर्षीय दीप्ती यादव का शव, मां ने उठाए सवाल
मो. अली ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर
यूपी टाइम्स समाचार
अमेठी/सुल्तानपुर। अमेठी के मुंशीगंज क्षेत्र स्थित संजय गांधी अस्पताल के नर्सिंग कॉलेज के हॉस्टल में रक्षाबंधन के दिन 22 वर्षीय नर्सिंग छात्रा दीप्ती यादव का शव कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया। छात्रा सुल्तानपुर जिले के बल्दीराय क्षेत्र की ग्राम पंचायत सादुल्लापुर की रहने वाली बताई जा रही है।
बताया गया कि दीप्ती नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी और हॉस्टल में रह रही थी। शनिवार दोपहर हॉस्टल के कमरे में उसका शव मिलने की सूचना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मुंशीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। मृतका की मां ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे उनकी बेटी से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी। उस समय बेटी से अच्छी तरह बातचीत हुई थी और उन्हें किसी तरह की परेशानी का अंदाजा नहीं हुआ।
मृतका की मां ने बेटी की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले ही बेटी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और उन्हें हॉस्टल के उस कमरे में भी नहीं जाने दिया गया। मां ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
परिजनों के अनुसार, मौके पर बेटी की चप्पल भी मिली थी। वहीं, पुलिस की ओर से प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताए जाने की बात सामने आई है। हालांकि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





















