चोरी की बाइक के साथ दो शातिर गिरफ्तार, – ——
तमंचा-कारतूस और ताला तोड़ने के औजार बरामद
UP times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद के कोतवाली पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल, .303 बोर का अवैध देशी तमंचा, जिंदा कारतूस, ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की दो रॉड और 1,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। चोरी के मुकदमे में वांछित आरोपितों की तलाश के लिए गठित पुलिस टीम ने दबिश देकर अमित वर्मा पुत्र घनश्याम वर्मा (20) और कृष्णा साहनी उर्फ चाई पुत्र महेंद्र साहनी (18) को गिरफ्तार किया। दोनों निचलौल थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-10, महाशय मोहल्ला के निवासी बताए गए हैं।
चोरी की बाइक समेत सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपितों के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई, जिसका चेचिस नंबर MBLHA10BFFHC04422 है। इसके अलावा .303 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, ताला तोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाली दो लोहे की रॉड और 1,100 रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर कोतवाली थाने में दर्ज मु0अ0सं0 373/2026 में बीएनएस की धाराएं 317(2), 317(4) और 331(4) बढ़ाई गई हैं। वहीं अमित वर्मा के कब्जे से अवैध तमंचा मिलने पर उसके खिलाफ मु0अ0सं0 374/2026, धारा 9/25 आयुध अधिनियम के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार अमित वर्मा के खिलाफ निचलौल थाने में वर्ष 2021 से लेकर 2026 तक चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं कृष्णा साहनी उर्फ चाई के खिलाफ भी वर्ष 2024, 2025 और 2026 में निचलौल थाने में मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। कोतवाली में दर्ज मौजूदा मुकदमे में दोनों को आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विजय कुमार गौड़, अंकित कुमार सिंह, रमेशचंद्र वर्मा, हेड कांस्टेबल गणेश सिंह, मुन्ना चौरसिया, बबलू कुमार गौड़, अजय कुमार पांडे तथा कांस्टेबल माणिक चंद और राकेश यादव शामिल रहे।





















