अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर भीषण हादसा, कार सवार डॉक्टर की मौत; दो गंभीर घायल
मो. अली, तहसील प्रभारी बल्दीराय, सुल्तानपुर
UP Times Samachar
सुल्तानपुर। अयोध्या-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह नारायणपुर इलाके में नवजीवन हॉस्पिटल के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
हादसे में कार सवार गभड़िया निवासी मोहम्मद अख्तर ( डॉक्टर अख्तर )की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहम्मद राशिद और शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सवार ट्रक को ओवरटेक कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटवाया गया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका। हादसे के चलते कुछ समय तक हाईवे पर अफरा-तफरी और वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।





















