मिशन शक्ति की मुस्तैदी लाई मुस्कान,भटकी नन्ही बच्ची मिली मां से
—- चौक पुलिस की संवेदनशील पहल बनी मिसाल,सोशल मीडिया की मदद से कुछ ही घंटों में मिला परिवार
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत चौक पुलिस की तत्परता,संवेदनशीलता और प्रभावी कार्यशैली ने एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश की। क्षेत्र में अपने परिजनों से बिछड़कर भटक रही चार वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस टीम ने सुरक्षित संरक्षण में लेकर महज कुछ घंटों के भीतर उसकी मां से मिलवा दिया। इस सराहनीय कार्य से परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और पुलिस की कार्यशैली की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को मिशन शक्ति टीम की सदस्य महिला उपनिरीक्षक रेखा वर्मा, हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव तथा महिला कांस्टेबल अंजली भारती क्षेत्र में भ्रमण एवं ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम भगवानपुर उर्फ भलुआ में करीब चार वर्ष की एक बच्ची अपने परिजनों से बिछड़कर इधर-उधर भटक रही है। सूचना मिलते ही मिशन शक्ति टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया। पुलिसकर्मियों ने बच्ची से उसके परिजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया, लेकिन कम उम्र के कारण वह अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। इसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए सोशल मीडिया, स्थानीय लोगों और क्षेत्रीय नेटवर्क की सहायता से बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस के प्रयास जल्द ही सफल साबित हुए और सूचना बच्ची के परिवार तक पहुंच गई। कुछ समय बाद उसकी मां विनिता देवी सहित अन्य परिजन थाना पहुंचे। बच्ची ने अपनी मां को देखते ही पहचान लिया, वहीं परिजनों ने भी बच्ची की पुष्टि की। आवश्यक कानूनी एवं औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसकी मां के सुपुर्द कर दिया।
अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने चौक पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता के कारण उनकी बच्ची सुरक्षित घर लौट सकी।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम
महिला उपनिरीक्षक रेखा वर्मा
हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव
महिला कांस्टेबल अंजली भारती।





















