योग से फिट हुई पुलिस फोर्स, तनावमुक्त सेवा का लिया संकल्प
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महराजगंज पुलिस ने जिलेभर में सामूहिक योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दिया। पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद के सभी थानों, चौकियों, पुलिस लाइन तथा पुलिस कार्यालयों में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक योग कार्यक्रम में भाग लिया।
योग शिविर के दौरान प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में पुलिस कर्मियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, वज्रासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी जैसे प्राणायाम कर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत चुनौतीपूर्ण एवं तनावपूर्ण होती है। ऐसे में योग न केवल शारीरिक फिटनेस बनाए रखने का सशक्त माध्यम है, बल्कि मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
जनपद के थाना भिटौली, सोनौली, बृजमनगंज, ठूठीबारी, परसा मलिक, सोहगीबरवा, कोल्हुई, बरगदवा सहित सभी थानों में आयोजित योग शिविरों में पुलिस बल ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान ‘स्वस्थ मन, स्वस्थ समाज’ के संकल्प को दोहराते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ एवं सशक्त समाज निर्माण का संदेश दिया गया।





















