प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने दी जान,पति और ससुर गिरफ्तार
—– आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में चौक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल
Up times samachar
महराजगंज। उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महिला उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के एक गंभीर मामले में चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना चौक पुलिस ने यह कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम धरमौली टोला डुमरभार निवासी मुनिका पत्नी इन्द्रजीत को उसके पति इन्द्रजीत तथा ससुर राजाराम द्वारा पारिवारिक विवादों को लेकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि आए दिन होने वाली प्रताड़ना और तनाव से परेशान होकर महिला ने जंगल में जाकर आत्मघाती कदम उठा लिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के बाद मृतका की मां चन्द्रावती देवी निवासी कहटा टोला समरपवा, थाना उस्का बाजार, जनपद सिद्धार्थनगर की तहरीर पर थाना चौक में मुकदमा संख्या 95/2026 धारा 108 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस ने शनिवार सुबह ग्राम धरमौली टोला डुमरभार से आरोपी पति इन्द्रजीत (40 वर्ष) एवं उसके पिता राजाराम (58 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





















