किसानों के बीच पहुंचे केंद्रीय मंत्री, गिनाईं 12 वर्षों की विकास गाथा
Up times samachar
महराजगंज । सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
सिसवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा बसुली फार्म स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में शनिवार को आयोजित विकास खंड स्तरीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किसानों से संवाद कर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया तथा वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र पटेल भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती, कृषि उत्पादकता बढ़ाने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
कार्यक्रम के उपरांत केंद्रीय मंत्री, विधायक एवं भाजपा नेताओं ने क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों से संपर्क स्थापित किया तथा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सरकार की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अनेक ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों लोगों को मिला है।
ग्रामीणों ने भी जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास एवं किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।





















