चौपाल से बदली सोच, बेटियों की शिक्षा का उठा बीड़ा
—- ग्रामीणों ने लिया संकल्प,गांव की हर बेटी पहुंचेगी स्कूल
Up times samachar
महराजगंज। उप सम्पादक उमेश चौरसिया
बालिका शिक्षा को नई दिशा देने और स्कूल से बाहर रह गई बेटियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से गैर-सरकारी संस्था एजुकेट गर्ल्स द्वारा विकास खंड मिठौरा के ग्राम पंचायत दरहटा में गुरुवार की रात विशेष रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, अभिभावकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा बेटियों की शिक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
चौपाल के दौरान बालिकाओं के नामांकन, नियमित उपस्थिति, आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता तथा शिक्षा से मिलने वाले सामाजिक एवं आर्थिक लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि शिक्षित बेटी परिवार,समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव होती है।
कार्यक्रम में प्रेरणादायी वीडियो एवं लघु फिल्मों के माध्यम से बालिका शिक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इन प्रस्तुतियों ने ग्रामीणों को गहराई से प्रभावित किया और बेटियों को विद्यालय भेजने के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार किया। ग्रामीणों ने भी अपने विचार साझा करते हुए हर बेटी को शिक्षा से जोड़ने में सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
ग्राम प्रधान प्रतिमा देवी ने कहा कि बेटियों की शिक्षा ही समाज के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपनी बेटियों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। वहीं प्रधानपति मनीष पासवान एवं स्वयंसेवक अखिलेश कुमार ने भी बालिका शिक्षा के प्रति जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया।
एजुकेट गर्ल्स के जिला कार्यक्रम अधिकारी वेद प्रकाश यादव ने बताया कि रात्रि चौपाल जैसे जनजागरण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत, समुदाय और अभिभावकों के सामूहिक प्रयास से कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित नहीं रहेगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने गांव की प्रत्येक बेटी को विद्यालय से जोड़ने तथा बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक रूप से निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।





















