दान-दक्षिणा के बहाने घरों में करते थे सेंधमारी, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
दान-दक्षिणा और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों का विश्वास जीतकर घरों में घुसकर आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुरन्दरपुर पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी, सोने की नथुनी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरन्दरपुर पुलिस को यह सफलता मिली। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अखिलेश पाण्डेय (37), शेरा पाण्डेय (40) एवं चन्दन पाण्डेय (35) निवासी ग्राम त्रिलोकपुर खुर्द, थाना पडरौना, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को ग्राम मधुकरपुर महदेवा स्थित पुराने पंचायत भवन के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे दान-दक्षिणा एवं धार्मिक अनुष्ठान के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर उनके कीमती आभूषणों की चोरी करते थे। उन्होंने यह भी कबूल किया कि 6 जून 2026 को ग्राम देवपुर में हुई चोरी की घटना को भी उन्हीं के द्वारा अंजाम दिया गया था। चोरी किए गए अधिकांश आभूषण नेपाल में बेच दिए गए थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 5,760 रुपये नकद, एक सोने की नथुनी तथा एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक राहुल यादव, मुख्य आरक्षी संतोष राव, आरक्षी सतीश कुमार, नीरज कुमार, मिथलेश कुमार तथा देवेन्द्र खरवार शामिल रहे।




















