12 साल की विकास यात्रा: जनकल्याण शिविर में गूंजी विकसित भारत की संकल्पना
Up times samachar
महराजगंज । सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/ उप सम्पादक उमेश चौरसिया
केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी समेकित जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के तहत बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य जनकल्याणकारी शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। सूचना विभाग द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, आधारभूत संरचना, सांस्कृतिक विरासत संरक्षण और विकसित उत्तर प्रदेश-2047 की परिकल्पना पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रही।
अपने संबोधन में महेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक मंच पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है। युवाओं, महिलाओं, किसानों और गरीबों के सशक्तिकरण के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि ‘संकल्प से सिद्धि’ की दिशा में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वच्छता अभियान से जनस्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जबकि पूर्वांचल क्षेत्र में इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। स्वरोजगार एवं आजीविका कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं, जिससे आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिली है।
कार्यक्रम में प्रबुद्धजन वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। डॉ. शांति शरण मिश्रा ने शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों और निपुण भारत मिशन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। डॉ. सूरज सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सकारात्मक बदलावों की चर्चा की। वहीं प्रभाकर द्विवेदी, अरुण शुक्ला और जिला प्रभारी राम जियावन मौर्य ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। ओडीओपी योजना के तहत लाभार्थियों को टूलकिट, मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत प्रतीकात्मक चेक, आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की गई। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बैंक सखियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।





















