रामग्राम परियोजना में देरी पर डीएम सख्त, ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश
—- गुरु गोरखनाथ व सोनाड़ी देवी मंदिर का भी किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/उप सम्पादक उमेश चौरसिया
महराजगंज जनपद के पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को चौक स्थित गुरु गोरखनाथ मंदिर, सोनाड़ी देवी मंदिर तथा महत्वाकांक्षी रामग्राम परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति, उपलब्ध सुविधाओं तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले गुरु गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को मंदिर परिसर में यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सोनाड़ी देवी मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में पाथवे निर्माण तथा समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त लाइटें स्थापित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी रामग्राम परियोजना स्थल भी पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। परियोजना के कार्यों में अपेक्षित गति न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना की अगली किश्त शीघ्र जारी कराने के लिए पर्यटन विभाग को आवश्यक पत्राचार करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन सरोवर की गहराई बढ़ाने के लिए अतिरिक्त खुदाई कराने तथा सभी लंबित कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि रामग्राम परियोजना जनपद की पर्यटन संभावनाओं को नई पहचान देने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी सृजित होंगे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जूनियर इंजीनियर यूपीपीसीएल सुनील मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।





















