तेज रफ्तार बाइक का कहर: सड़क पार कर रहे बुजुर्ग की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Up times samachar
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे/उप सम्पादक उमेश चौरसिया
सिंदुरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार रात तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम कसमारिया निवासी खुशीहाल वर्मा (65 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामाश्रय वर्मा मंगलवार की रात लगभग 8:15 बजे भोजन करने के बाद पैदल अपने दूसरे मकान पर सोने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान झनझनपुर-सिंदुरिया मार्ग पर कसमारिया गांव के मुख्य रास्ते के समीप सिंदुरिया की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशीहाल वर्मा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन तत्काल मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में उन्हें एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल महराजगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मृतक अपने पीछे पत्नी लीलावती देवी तथा तीन पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में सिंदुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जांच और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।





















