सुल्तानपुर ब्रेकिंग
41 टन सरिया चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
20 लाख की सरिया बरामद, ट्रक-ट्रेलर कब्जे में; दोनों आरोपी जेल भेजे गए
Mohd ali | ब्यूरो चीफ Sultanpur
UP Times Samachar
सुलतानपुर। कूरेभार पुलिस ने करीब 41 टन सरिया चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद सरिया की कीमत करीब 19 से 20 लाख रुपये है। पुलिस ने सरिया लदा ट्रक और घटना में प्रयुक्त ट्रेलर को भी कब्जे में लिया है।
सीओ आशुतोष कुमार के मुताबिक पुलिस टीम ने 12 सितंबर को ऐनपुर नहर के पास कार्रवाई करते हुए अभय मिश्रा निवासी सराय कल्याण, कादीपुर और चंदन गौतम निवासी सोनावां, चांदा को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर ट्रक संख्या UP 45 T 8071 से करीब 41 टन सरिया बरामद की गई। वारदात में प्रयुक्त ट्रेलर संख्या HR 38 AJ 0482 भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि निमेन्द्र गोयल की तहरीर पर मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। एस. ट्रेडर्स के माध्यम से लखनऊ भेजी गई सरिया निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंची थी। जांच के दौरान सरिया चोरी कर बेच दिए जाने की जानकारी सामने आई।
पुलिस जांच में जयदीप यादव, चंदन गौतम, अभय मिश्रा और सौरभ के नाम प्रकाश में आए। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।





















