खेल मैदान में दिग्विजयनाथ कॉलेज का दबदबा
—– वॉलीबॉल-बास्केटबॉल में खिलाड़ियों ने जीते खिताब, मंडल स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। अम्बिका दत्त चौबे/ उमेश चौरसिया
दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज चौक बाजार के खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल और बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। जनपद स्तर पर विजेता और मंडल स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शनिवार को विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
विद्यालय के शारीरिक शिक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि अंडर-19 वॉलीबॉल बालक वर्ग की टीम ने जनपद स्तर पर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं अंडर-19 बालिका वॉलीबॉल टीम ने पहली बार जनपद स्तर पर विजेता बनने के साथ ही मंडल स्तर पर उपविजेता रहकर विद्यालय की खेल प्रतिभा का परचम लहराया।
बालिका वॉलीबॉल की विजेता टीम में राधिका, चांदनी, आशा, अंबिका गुप्ता, अनुराधा, कीर्ति और माया शामिल रहीं। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की।
इसी क्रम में अंडर-19 बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भी विद्यालय की टीम ने जनपद स्तर पर विजेता का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम में देवेंद्र, मिथिलेश, शुभम, प्रत्युष और अंगद ने शानदार प्रदर्शन किया।
मेहनत और लगन से मिलती है सफलता
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य डॉ. हरिन्द्र यादव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सफलता कभी एक दिन में नहीं मिलती। इसके पीछे निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और लगन होती है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर लगातार प्रयास करते रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम भी हैं। विद्यालय के खिलाड़ियों का लगातार बेहतर प्रदर्शन उत्साहजनक है और आने वाले समय में उनसे और बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद है।
समारोह में लेफ्टिनेंट शेषनाथ, पूनम सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, अखिलेश कुमार मिश्र, सूर्यप्रकाश गुप्त और करुणा निधि वर्मा ने खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।





















