मुफ्त तोरिया-सरसों बीज के लिए बुकिंग शुरू, ज्यादा आवेदन पर निकलेगी ई-लॉटरी
क्रासर : फार्मर आईडी के बिना योजना का लाभ नहीं, ब्लॉक के बीज भंडारों पर भी कराएं निःशुल्क बुकिंग
यूपी टाइम्स समाचार
महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे
जनपद महराजगंज के किसानों ने रबी सीजन 2026-27 में किसानों को तोरिया और सरसों का निःशुल्क बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसान अपनी जरूरत के अनुसार कृषि विभाग की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने किसानों से समय रहते बुकिंग कराने की अपील की है, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाभार्थियों का चयन कर उन्हें समय पर बीज उपलब्ध कराया जा सके।
जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन के साथ-साथ प्रत्येक विकासखंड में स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार पर भी निःशुल्क बीज बुकिंग की व्यवस्था की गई है। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार संबंधित बीज भंडार पर पहुंचकर भी बुकिंग करा सकते हैं।
आवेदन अधिक हुए तो ई-लॉटरी से चयन
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसी फसल के उपलब्ध बीज की मात्रा के मुकाबले आवेदनों की संख्या अधिक होने पर लाभार्थी किसानों का चयन ई-लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र किसानों को निर्धारित नियमों के अनुसार बीज उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर फिलहाल तोरिया का बीज उपलब्ध है। ऑनलाइन बुकिंग कराने के बाद किसान संबंधित राजकीय कृषि बीज भंडार से संपर्क कर नियमानुसार निःशुल्क तोरिया एवं सरसों का बीज प्राप्त कर सकेंगे।
फार्मर आईडी के बिना नहीं मिलेगा लाभ
जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ अब फार्मर आईडी धारक किसानों को ही दिया जाएगा। जिन किसानों ने अभी तक फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराई है, उन्हें समय रहते फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराकर फार्मर आईडी प्राप्त करने की सलाह दी गई है। बिना फार्मर आईडी के किसान विभागीय योजनाओं के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे बीज की आवश्यकता के अनुसार जल्द से जल्द बुकिंग कराएं और फार्मर आईडी से जुड़ी प्रक्रिया भी समय रहते पूरी कर लें, जिससे रबी सीजन में सरकारी योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।





















