सुलतानपुर ब्रेकिंग: दो पहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार चोरी के वाहन बरामद
मो. अली ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर
यूपी टाइम्स समाचार
सुलतानपुर। चांदा पुलिस ने मोटर साइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी नीरज सरोज को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
C O लंभुआ के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध मदारडीह स्थित अल्लन ईंट भट्ठे के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर चांदा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ के दौरान पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
बरामद वाहनों में पल्सर, स्पेलेंडर, स्पेलेंडर प्लस और एचएफ डीलक्स शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन बाइकों को लंभुआ, मोतिगरपुर, कोतवाली देहात और प्रतापगढ़ क्षेत्र से चोरी किया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने मोटर साइकिल चोरी करने का तरीका भी बताया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मेले और त्योहारों के दौरान मंदिरों के आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मोटर साइकिल का लॉक तोड़कर उसे लेकर फरार हो जाते थे।
चांदा थाने में संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष राजकुमार वर्मा के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नीरज सरोज के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।





















