सुल्तानपुर: पुरानी रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, सीने में लगीं तीन गोलियां
मो,अली ब्यूरो चीफ सुल्तानपुर
UP Times Samachar
सुल्तानपुर। मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ढेमा गांव में रक्षाबंधन की देर रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से 40 वर्षीय विपिन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके बाएं सीने में तीन गोलियां लगी हैं। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया है।
जानकारी के मुताबिक घटना शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे ढेमा चौराहे के पास हुई। बताया जा रहा है कि विपिन सिंह अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान तीन बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद विपिन सिंह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल विपिन को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतिगरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें सुल्तानपुर जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां से चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। बताया गया है कि मड़हा निवासी शिवम सिंह और इंद्रसेन सिंह के परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। घायल विपिन सिंह, इंद्रसेन सिंह के पुत्र बताए जा रहे हैं।
मोतिगरपुर पुलिस ने शिवम सिंह समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। घटनास्थल से चार खोखे भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत पुलिस की तीन टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।





















