राखी के धागे में बंधा सुरक्षा और सम्मान का संकल्प, बहनों से बोले विधायक—हर कदम पर रहूंगा साथ
—— रक्षाबंधन पर विधायक ऋषि त्रिपाठी के आवास पर उमड़ा बहनों का स्नेह, राखी बांधकर जताया भरोसा; विधायक ने उपहार व नकद राशि देकर किया सम्मान
UP times समाचार
नौतनवा,महराजगंज। सम्पादक अम्बिका दत्त चौबे / उप सम्पादक उमेश चौरसिया
भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन शुक्रवार को नौतनवा में आत्मीयता और उल्लास के बीच मनाया गया। इस अवसर पर नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के आवास पर सुबह से ही बहनों की आवाजाही शुरू हो गई। विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों के साथ ही नौतनवा नगर के अलग-अलग वार्डों से बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां विधायक आवास पहुंचीं और विधायक की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की डोर को मजबूत किया।
बहनों के स्नेह से अभिभूत विधायक ऋषि त्रिपाठी ने भी रक्षाबंधन के इस पावन अवसर पर उन्हें सम्मान और आत्मीयता का अहसास कराया। विधायक ने राखी बांधने पहुंचीं बहनों को नकद धनराशि एवं उपहार भेंट कर उनका सम्मान किया। इसके साथ ही दूर-दराज से आई बहनों और बच्चियों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी कराई गई।
विधायक आवास पर दिनभर भाई-बहन के प्रेम और आत्मीयता का माहौल बना रहा। अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचीं महिलाओं और बच्चियों से विधायक ने बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनकी बातों को भी सुना। रक्षाबंधन के अवसर पर उमड़ा यह स्नेह और अपनापन लोगों के बीच चर्चा का विषय रहा।
इस मौके पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल कलाई पर बांधा जाने वाला राखी का धागा नहीं, बल्कि यह विश्वास, सुरक्षा, सम्मान और जिम्मेदारी का पवित्र बंधन है। बहनों का स्नेह और विश्वास उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की बहनों के सम्मान और सुरक्षा के लिए वह हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे।
विधायक आवास पर पहुंचे लोगों ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर विधायक द्वारा बहनों के सम्मान और उनके घर तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था ने पर्व की आत्मीयता को और बढ़ा दिया। पूरे दिन आवास पर आने-जाने वाली बहनों की भीड़ और राखी बांधने के दौरान बने भावनात्मक दृश्य भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती का संदेश देते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं नगर के वार्डों से आए लोग मौजूद रहे।





















